
बालघाट ग्रामीण। क्षेत्र के गांव करमपुरा में चिकित्सा विभाग की टीम ने डेंगू संभावित मरीजों को दवाई वितरित कर ब्लड के नमूने लेकर एंटी लारवा एक्टिविटी करवा कर लोगों से साफ स्वच्छता रखने की अपील की है। एएनएम रीता शर्मा ने बताया कि ब्लॉक मुख्य चिकित्साधिकारी देवी सहाय मीना के निर्देश पर महमदपुर पीएचसी प्रभारी डॉ प्रदीप मीना के नेतृत्व में गठित पांच सदस्य मेडिकल टीम ने सोमवार को करमपुरा गांव पहुंचकर संभावित डेंगू मरीजों को दवाइयां वितरित की तथा 13 लोगों के ब्लड के सैंपल एकत्रित किए इसी प्रकार 40 स्लाइड नमूने भी लिए गए। मेडिकल टीम ने गांव में कीचड़ युक्त स्थानों पर एंटी लारवा एक्टिविटी के तहत एम एल ओ का छिड़काव करवाया तथा पानी की टंकियां में टेमी फोर्स डलवाया गया। मेडिकल टीम प्रभारी डॉ प्रदीप मीना ने लोगों को इस समय चल रहे वायरल एवं बुखार के संबंध में कहा कि सर्दी जुकाम खांसी अथवा बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं तथा अपने आसपास के वातावरण में स्वच्छता का विशेष ख्याल रखें।

एएनएम रीता शर्मा ने बताया कि 2 दिन तक मेडिकल टीम गांव का नियमित दौरा करेगी उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण एवं सामान्य है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के पश्चात सारी स्थिति साफ हो जाएगी। गौर तलब है कि सोमवार को ही दैनिक भास्कर में “करमपुरा गांव में डेंगू के 30 से ज्यादा मरीज नीम हकीमो से कर रहे इलाज” शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी इसके बाद चिकित्सा विभाग हरकत में आया है।
