रक्षाबंधन पर भाई ने बहन को दिया अनूठा तोहफा, चाँद पर खरीदी दो एकड़ जमीन।
राजस्थान एक्सप्रेस न्यूज़ |करौली.इन दिनों देशभर में चन्द्रयान-3 के चाँद पर सफलतापूर्वक लैंड होने की चर्चा है इसी बीच करौली के एक युवक ने रक्षाबंधन पर अपनी बहन को चाँद पर ज़मीन खरीदकर उपहार में दी है। आपको बता दे, करौली के होली खिड़किया निवासी तरुण अग्रवाल ने इस रक्षाबंधन पर अपनी दोनों बहनों सोनिया व प्रियंका अग्रवाल के लिए चाँद पर लेक ऑफ हैपीनेस के पास दो एकड़ ज़मीन खरीदकर गिफ्ट के रूप में दी है। संभवतः चाँद पर ज़मीन ख़रीदने का राजस्थान का चौथा व करौली ज़िले का यह पहला मामला है।
तरुण ने बताया की उन्हें इस रक्षाबंधन पर अपनी दोनों बहनों के लिए बेशकीमती व यादगार तोहफ़ा देने का विचार आया जिसके बाद उन्होंने अपनी छोटी बहन प्रियंका अग्रवाल के नाम पर ज़मीन खरीदकर दोनों को गिफ्ट की है। दोनों बहने अनोखा उपहार पाकर ख़ुशी महसूस कर रही हैं। तरुण ने बताया की उन्होंने रक्षाबंधन से डेढ़ महीने पूर्व अमेरिका स्थित इंटरनेशनल लूनर लैंड अथॉरिटी को चाँद पर जमीन ख़रीदने के लिए आवेदन किया था और कंपनी से रक्षाबंधन से पूर्व ज़मीन के सारे पेपर उपलब्ध कराने के लिए निवेदन किया गया था, जिसके उपरांत करीब डेढ़ माह कि प्रोसेस के बाद रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व आख़िरकार अब उन्हें रजिस्ट्रेशन मिल गया है जिसमें जमीन खरीदी का प्रमाण पत्र व ज़मीन का नक़्शा भी मिला है। उन्होंने बताया कि चाँद पर ज़मीन ख़रीदने में क़रीब 150 डॉलर का खर्च आया है। वहीं तरुण की बहन प्रियंका ने बताया कि चाँद पर मनुष्य रह सकता है या नहीं यह तो वैज्ञानिक अनुसंधान कर रहे हैं लेकिन चाँद पर हमारी ज़मीन है यह हमारे लिए हमेशा यादगार रहेगा साथ ही परिवार के सभी सदस्य इस गिफ्ट से बेहद ख़ुश हैं।